25 हजार सदस्य बनाने वालों को ही टिकट देगी लोजपा, दिया ‘बिहार फर्स्ट- बिहारी फर्स्ट’ का नारा
पटना / लोजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि उन्हीं उम्मीदवारों के विधानसभा टिकट पर विचार होगा जो अपने क्षेत्र में कम से कम 25 हजार सदस्य बनाएंगे। शनिवार को पार्टी की राज्य कार्यकारिणी व जिला अध्यक्षों की पहली बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी जदयू-भाजपा की जीती हुई सीटों को छोड़कर अन्य 119 सीटों पर चुनाव की तैयारी करेगी। टिकट के मापदंड यही होगा। उन्होंने ‘बिहार फर्स्ट- बिहारी फर्स्ट’ का नारा दिया है। पार्टी की 14 अप्रैल की रैली का नामकरण भी इसी थीम पर किया गया। सूबे की एनडीए सरकार ने विकास का काफी काम किया है। लेकिन, अब बिहार को देश के नक्शे पर सिर्फ विकास के मार्ग पर ही नहीं, हर सेक्टर में अव्वल आना है। इसलिए पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता ईमानदारी से बिहार को टॉप स्टेट बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और अपना सौ फीसदी योगदान देंगे। पार्टी जल्द ही बिहार विजन डॉक्यूमेंट कमेटी बनाएगी और चिराग खुद इसकी कमान संभालेंगे।
चिराग बोले- पार्टी के सदस्यता अभियान को और तेज करने की आवश्यकता
चिराग ने कहा कि पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में जो सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है वह सराहनीय है और इसे और भी तेज गति से करने की आवश्यकता है ताकि आगामी 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर होने वाली लोजपा की रैली ऐतिहासिक रैली हो और आज उस रैली का नामकरण राज्य कार्यकारिणी के द्वारा ‘बिहार फर्स्ट’ रैली तय किया गया। इसके लिए 22 फरवरी से पूरे प्रदेश में वे यात्रा पर निकलेंगे।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज, सांसद वीणा देवी, चंदन सिंह, प्रदेश संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष व विधायक राजू तिवारी, राजकुमार साह, नूतन सिंह, डॉ. शाहनवाज अहमद कैफी, सुनील पांडेय, विनोद सिंह, हुलास पांडेय, अशरफ अंसारी, बिरेश्वर सिंह, डॉ. उषा शर्मा, संजय सिंह, संजय पासवान, श्रवण अग्रवाल, राजेन्द्र विश्वकर्मा, सौलत राही, ओम प्रकाश भारती, उपेंद्र यादव, ललन चंद्रवंशी, सभी प्रकोष्ठ अध्यक्ष व प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित थे।