नगर निगम कर्मियों ने चौराहों पर कचरा फैलाकर प्रदर्शन किया; दैनिक मजदूरों की सेवा पर रोक लगाने का विरोध

नगर निगम कर्मियों ने चौराहों पर कचरा फैलाकर प्रदर्शन किया; दैनिक मजदूरों की सेवा पर रोक लगाने का विरोध


पटना / दैनिक मजदूरों की सेवा पर रोक लगाने के सरकार के फैसले के विरोध में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को हड़ताल किया। इसके चलते शहर की सफाई ठप हो गई। सफाई कर्मियों ने पटना के विभिन्न चौक-चौराहों पर कचरा फैलाकर विरोध प्रदर्शन किया। सफाई कर्मियों ने डाकबंगला चौराहा और इनकम टैक्स चौराहा पर कचरे का अंबार लगा दिया। 


हजारों की संख्या में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी मौर्या लोक परिसर स्थित नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर हंगामा किया। कर्मियों ने मुख्यालय का घेराव किया। कर्मियों ने नगर निगम के गेट पर पशु का शव टांग दिया। 


पटना के कंकड़बाग अंचल कार्यालय के बाहर नगर निगम के कर्मचारियों ने हंगामा किया। कर्मियों ने यहां सड़क पर आगजनी की, जिससे यातायात बाधित हो गया। कर्मचारियों ने अंचल कार्यालय में ताला लगा दिया। विरोध प्रदर्शन कर रहे कर्मी दस साल से अधिक काम कर चुके मजदूरों को नियमित करने की मांग कर रहे थे।


दैनिक मजदूरों की सेवा पर रोक के आदेश का भारी विरोध होने पर सोमवार को नगर निगम प्रशासन बचाव की मुद्रा में दिखा। नगर निगम ने अपना आदेश वापस ले लिया, जिससे सफाईकर्मियों पर से काम से निकाले जाने का खतरा अभी टल गया है।