निगम कर्मचारियों ने नगर विकास मंत्री का फूंका पुतला, पटना में सफाई व्यवस्था ठप

निगम कर्मचारियों ने नगर विकास मंत्री का फूंका पुतला, पटना में सफाई व्यवस्था ठप


पटना / पटना नगर निगम के कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। मंगलवार को निगम कर्मियों ने नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण राजधानी की सफाई व्यवस्था ठप हो गई। कुछ गाड़ियां कूड़ा उठाव के लिए चलाई गईं, लेकिन घरों से उठाकर लाए गए कूड़े को सड़कों पर बिखेर दिया गया। इसके अलावा राजधानी के विभिन्न स्थानों पर बनाए गए टेंपररी कूड़ा प्वाइंट तक लोगों ने कूड़ा पहुंचाया।


दोपहर तक कर्मचारियों की हड़ताल को समाप्त कराने को लेकर कोई ठोस प्रयास नहीं होने के बाद चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों ने सड़कों पर कूड़ा फेंकना शुरू कर दिया। बोरिंग रोड चौराहा, बोरिंग कैनाल रोड, एसके पुरी क्रॉसिंग पर भारी मात्रा में कूड़ा बिखेर दिया। बेली रोड व डाकबंगला चौराहा के आसपास भी कूड़ा फैला हुआ है। सफाई कर्मियों ने सफाई व्यवस्था को पूरी तरह से ठप रखने का दावा किया है। कर्मियों ने मौर्यालोक कॉम्प्लेक्स स्थित मौर्या टावर के पास पहुंच कर  प्रदर्शन किया। 


कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सरकार अपना आदेश वापस नहीं लेती है, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर पर हमारी सेवा को खत्म करने की साजिश हो रही है। नगर विकास मंत्री केवल आश्वासन देने की बात कर रहे हैं। हमारे स्थायीकरण की मांग को सरकार पूरा करें।