राज्य की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन; कुल 7,18,22,450 वोटर, 12.40 लाख वोटर बढ़े
पटना / भारत निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को राज्य की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया है। एक जनवरी 2020 के आधार प्रकाशित मतदाता सूची में कुल 7,18,22,450 वोटर हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के प्रकाशित हुए वोटर लिस्ट में पुरुष मतदाताओं की संख्या 3,79,12, 127 है। सूची में 3,39,07,979 महिला और 2,344 वोटर थर्ड जेंडर के हैं। पिछले साल 16 दिसंबर को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया गया था। उसके बाद 12.40 लाख वोटरों बढ़ गए हैं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होने के बाद दावा-आपत्ति लेने का काम शुरू हो गया है। अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाता सूची में लिंगानुपात 892 से बढ़कर 894 हो गया है। नए वोटर लिस्ट में 18 से 19 साल के मतदाताओंं की संख्या 7,14,488 है, जबकि 13,03,543 वोटर 80 साल से ज्यादा उम्र के हैं। राज्य में 1,58,901 सर्विस वोटर हैं, जबकि प्रवासी वोटरों की संख्या मात्र 72 है।
सभी राजनीतिक दलों को दी जाएगी वोटर लिस्ट
आयोग ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहाय निर्वाचन निबंधक पदाधिकारियों के कार्यालय में वोटर लिस्ट में प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही सभी राजनीतिक दलों को मतदाता सूची का हार्ड और साफ्ट कॉपी सौंपने का निर्देश दिया गया है।
वेबसाइट पर देख सकेंगे अपना नाम
आम मतदाता आयोग के वेबसाइट http://ceobihar.nic.in पर अपना नाम सर्च कर सकेंगे। इसके अलावा आयोग के पोर्टल NVSP और Voter Helpline App पर भी वोटर अपना नाम चेक कर सकेंगे।