तालाब से संदिग्ध हालत में मां-बेटी का शव बरामद, हत्या या आत्महत्या के एंगल पर जांच जारी

तालाब से संदिग्ध हालत में मां-बेटी का शव बरामद, हत्या या आत्महत्या के एंगल पर जांच जारी


गढ़वा / गढ़वा थाना क्षेत्र के महुलिया गांव में गुरुवार को देर शाम मां-बेटी का शव संदिग्ध अवस्था में पास के तालाब से बरामद किया गया। मृतकाें में किरण देवी (25) व उसकी बेटी अनुष्का कुमारी (15 माह) के नाम शामिल है। दोनों इसी गांव के अरविंद महतो की पत्नी व पुत्री थी। मां-बेटी का शव बरामद होने के बाद गांव में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे हत्या तो कुछ आत्महत्या बता रहे हैं। घटना गुरुवार की देर शाम की है। 


घटना के संबंध में मृतका के पति अरविंद कुमार मेहता ने कहा कि उनकी पत्नी गुरुवार की सुबह अपनी बेटी को साथ लेकर घर से अपने खेत की ओर गई थी। जब शाम तक नहीं लौटी तो परिजन उसकी खोजबीन शुरु की। इसी क्रम में उसने अपनी बेटी का स्वेटर गांव के तालाब के पास पड़ा हुआ पाया। इससे उन लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। जब लोग तालाब में दोनों को खोजने लगे तो उन दोनों का शव मिला। इसके बाद इसकी सूचना गढ़वा थाना को दी गई। 


शव की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका और उसकी बच्ची के शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में गढ़वा थाना प्रभारी अशोक सिंह ने कहा कि मां-बेटी का शव गांव के ही तालाब से बरामद किया गया है। यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकता है।